*उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी का द्विवार्षिक अधिवेशन 1 व 02 जून को रामनगर में होगा*


रामनगर, 14 मई 2026:
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की केंद्रीय पदाधिकारीयों की बैठक देवभूमि व्यापार मंडल रामनगर के सभागार में संपन्न हुई ।बैठक में पार्टी के द्विवार्षिक अधिवेशन , राष्ट्रीय एवं प्रदेश के राजनैतिक हालात को लेकर विचार विमर्श किया गया। बैठक में द्विवार्षिक महाअधिवेशन 1 एवं 2 जून को रामनगर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष पी सी तिवारी एवं प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी ने प्रेस को जारी एक संयुक्त विज्ञप्ति में बताया कि केंद्र की मोदी सरकार एवं प्रदेश की धामी सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है। मोदी सरकार की विदेश नीति के कारण आज जहां भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ गया है वही आर्थिक मोर्चे पर भी देश गंभीर संकट में आ गया है। मोदी सरकार अपनी नाकामियों को स्वीकार करने के बजाय जनता को उपदेश देने का काम कर रहे है।
पार्टी ने गुड़गांव, नोएडा,लखनऊ में मजदूर आंदोलन के दौरान मजदूरों, उनके नेताओं पर लगाए गए मुकदमे वापस लेने तथा जेल में बंद मजदूर नेताओं को बिना शर्त रिहा करने की मांग की है। बैठक में प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था एवं पुलिस द्वारा सतपुली,गर्मपानी, बाजपुर देहरादून, चंपावत में की गई उत्पीडात्मक कार्रवाई पर आक्रोश व्यक्त किया तथा प्रदेश सरकार द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर रोष व्यक्त किया। पार्टी का मानना है कि उत्तराखंड की मित्र पुलिस का स्लोगन जनता की दुश्मन एवंअपराधियों माफियाओं के प्रति मित्र पुलिस बनकर रह गई है।बैठक में उत्तराखंड राज्य, देश और वैश्विक स्तर पर मौजूद संकटों पर गहन चिंता व्यक्त की गई। बैठक में युद्ध, हिंसा, सामाजिक घृणा, जनता के मौलिक एवं मानवीय अधिकारों पर हमले, पुलिस उत्पीड़न, किसानों-मजदूरों की समस्याएं, नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों से छात्रों और बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ तथा चुनाव प्रक्रिया एवं संवैधानिक संस्थाओं में बढ़ती सरकारी दखलंदाजी पर विस्तार से विचार विमर्श हुआ।पार्टी ने मत व्यक्त किया कि राष्ट्रीय स्तर की पार्टियों से जन समस्याओं के समाधान की कोई ठोस उम्मीद नहीं रह गई है। जनता परिवर्तन चाहती है और जनपक्षधर क्षेत्रीय पार्टियों से कुछ उम्मीद रखती है। क्षेत्रीय पार्टी ही एक मात्र विकल्प है। इसलिए परिवर्तन का संकल्प लेकर गठित उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी जनता के बीच सकारात्मक परिवर्तन के लिए संवाद कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लेगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जन-समस्याओं पर व्यापक चर्चा कर व्यावहारिक समाधान की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि यह अधिवेशन और संवाद कार्यक्रम राज्य एवं देश में लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और सकारात्मक परिवर्तन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
बैठक की अध्यक्षता पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने की, जबकि संचालन प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी द्वारा किया गया। बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप मधवाल, महासचिव नरेश नौटियाल, महासचिव दिनेश उपाध्याय, सचिव भोपाल सिंह रावत, सचिव अमीनुररहमान, विशन दत्त सनवाल, आसिफ, एडवोकेट गोपाल राम, सुनील पर्नवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




