स्मृति : पूर्व संपादक स्वर्गीय आर पी ध्यानी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 25 सितंबर 2026
25 सितंबर 2026 को अपराह्न गढ़वाल भवन, नई दिल्ली में दिवंगत पत्रकार एवं ‘सैल सवेरा’ के पूर्व संपादक स्वर्गीय आर पी ध्यानी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन सामाजिक संस्था उत्तराखंड फिल्म एवं नाटक संस्थान, दिल्ली तथा दिवंगत ध्यानी जी के परिजनों द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में अनेक लेखकों, कवियों, साहित्यकारों, कलाकारों, पत्रकारों, राजनेताओं और सामाजिक संगठनों के गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ दिवंगत ध्यानी जी के परिजन, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती संयोगिता ध्यानी और अन्य संबंधी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने दिवंगत ध्यानी जी की सामाजिकता, सरलता और समाज के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। संगीत निर्देशक एवं लोक गायक श्री राकेश गुसाईं जी ने भजनों के माध्यम से संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की।
दिवंगत ध्यानी जी को श्रद्धांजलि देने और उनके संस्मरण साझा करने वालों में प्रमुख रूप से श्री पूरन कांडपाल, प्रसिद्ध लेखक एवं साहित्यकार; श्री सुनील नेगी, वरिष्ठ पत्रकार एवं यूकेनेशनन्यूज के संपादक; श्री हरिपाल रावत, कांग्रेस नेता; श्री हेम पंत, रंगकर्मी, लेखक एवं एंकर; श्रीमती संयोगिता ध्यानी, यूएफएनआई की प्रमुख एवं दिवंगत आर पी ध्यानी जी की धर्मपत्नी; सुश्री कुसुम बिष्ट, ‘जग्वाल’ की प्रथम नायिका; श्री सर्वेश्वर बिष्ट, गायक एवं संगीतकार; श्रीमती सुशीला रावत, निर्देशक; श्रीमती मंजू बहुगुणा, प्रमुख अभिनेत्री; श्री मनमोहन वेदवाल, कलाकार एवं अभिनेता; श्री देबू रावत, गढ़वाली फिल्मों के निर्माता एवं निर्देशक; Anil Pant, samjsevi,
श्री असवाल, अभिनेता; श्री दर्शन सिंह रावत, कलाकार; श्री गजेंद्र चौहान, ‘युद्धवीर’ गढ़वाली फिल्म के निर्माता; श्री बी एस नेगी, अभिनेता एवं निर्माता; श्री कुशल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ अभिनेता; श्री गंभीर सिंह नेगी, जीएचएस के पूर्व प्रमुख सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।
वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय आर पी ध्यानी जी ने अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सदैव उत्तराखंड और उत्तराखंडियों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और उनके जाने से एक ऐसा शून्य उत्पन्न हो गया है जिसे कभी भरा नहीं जा सकता।



