AccidentsUttrakhand

रुद्रप्रयाग में बारात से लौट रही बोलेरो गहरी खाई में गिरी, चार लोगों की मौत, छह घायल; छह घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

रुद्रप्रयाग, 17 नवंबर 2026।

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, अगस्त्यमुनि विकासखंड की क्यूंजा घाटी में कंडारा मोटर मार्ग पर बारात से लौट रही बोलेरो गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। सभी पोखरी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने गांव रांसी की ओर लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और घटनास्थल तक सड़क मार्ग नहीं होने के कारण बचाव दल को लगभग चार किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। करीब छह घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी दस लोगों को खाई से बाहर निकाला गया।

इस हादसे में कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), सूरत सिंह (42) और बलवीर सिंह (70) की मौत हो गई।

घायलों में उम्मेद सिंह राणा (52), राजेंद्र सिंह (56), लविश राणा (25), आठ वर्षीय वंशिका, उर्मिला देवी (33) और पूजा (34) शामिल हैं। इनमें चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे की खबर से रांसी, ऊखीमठ और आसपास के गांवों में शोक की लहर है। शादी समारोह की खुशियां एक दर्दनाक हादसे में मातम में बदल गईं।

इस दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि और शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button