India

दुल्हन वही जो प्रेमी संग भाग जाये

अमिताभ श्रीवास्तव

1977 में एक पिक्चर आई थी ‘दुल्हन वही जो पिया मन भाए’ जो राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म थी जिसका निर्देशन लेख टंडन ने किया था। स्वस्थ मनोरंजन के लिए जाने वाले इस ग्रुप की म्यूजिकल उस साल भारत की सबसे लोकप्रिय फिल्मों में रही जिसकी मुख्य भूमिका में प्रेम किशन और रामेश्वरी थे।

लेकिन 2026 में उसी भारत में जो घटनाएं अखबारों की सुर्खियां बन रही हैं वो दिखा रही हैं कि ‘दुल्हन वही जो प्रेमी संग भाग जाये’ और ये समाचार देश के हर प्रदेश और समाज के हर तबके से आ रही हैं।

वो गाना है ना:

“ना उम्र की सीमा हो ना जन्म का हो बंधन

जब प्यार करे कोई तो देखे केवल धन (मन)”

सीमा से याद आया कुछ वर्ष पहले सीमा हैदर नाम की एक महिला पाकिस्तान की सीमा पार करके, मय अपने चार बच्चों के साथ भारत आ गई थी और भारत के सचिन नाम के युवक के साथ ग्रेटर नोएडा में रहने लगी। दोनों का प्यार कोविड के दौरान हो गया था।कोविड चला गया पर सीमा यहीं रह गई।

मेरे ख्याल से इस नये युग की सबसे सनसनीखेज खबर तो बिहार से आई जहां के रोहतास इलाके में रहने वाली सरस्वती देवी 2014 में अपने प्रेमी रत्तू सिंह के साथ भाग गई ओर जब उसका पता नहीं चला तो पुलिस ने उसके पति अरुण मेहता और सात अन्य रिश्तेदारों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार करके जेल में डाल किया। इसका श्रेय सरस्वती देवी के भाई को जाना चाहिए क्योंकि उसने पुलिस द्वारा एक लावारिस महिला की लाश को अपनी बहन कह कर पहचाना और दाह संस्कार करने के बाद उसके पति और अन्य रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया गया।उनको तीन लाख देकर बेल करवानी पड़ी।

इस घटना के 14 साल बाद पता चला कि सरस्वती अपने प्रेमी के साथ झारखंड के गढ़वा गांव में रह रही थी।अब वो तीन लाख बिहार सरकार उनको सूद समेत वापस देगी या नहीं यह देखने वाली बात है।

बांदा की एक महिला ने साबित कर दिया कि सच्चा प्यार पैसे और ओहदे का मोहताज नहीं है।इस महिला की शादी एक डाक्टर से हुई थी लेकिन कुछ महीनों में उसे समझ में आ गया कि डाक्टर को अस्पताल के काम से फुर्सत ही नहीं मिलती। उसने सोचा इससे अच्छा तो वो फोटोग्राफर था जिसने उसकी शादी में वीडियो बनाया था।बस उसने अपना स्त्री धन उठाया और फुर् से उसके साथ फरार हो गई।

लेकिन 2017 में वर्षा साहू ने जो किया उसने तो बांदा की भगा ले जाने वाली विरासत को एक नया ही आयाम दे दिया।उसको पता चला कि उसके प्रेमी अशोक यादव की शादी हो रही है। गुस्से में तमतमाती वह एक रिवाल्वर लेकर अपनी एस यू वी पर दनदनाते हुए शादी के पंडाल पर पहुंची और सबके सामने अपने आठ साल के रिश्तों और उसकी बेवफाई की दास्तान सुना कर उस अपनी गाड़ी पर बैठा कर लें भागी।

गुजरात में बेवफाई की सज़ा बुलडोजर से दी जाती है। ये समाचार मार्च 2025 का है। वहां के करेली गांव की एक शादीशुदा महिला को महेश फुलमाली नाम के एक तलाकशुदा व्यक्ति से प्यार हो गया और दोनों अपनी नई दुनिया बसाने के लिए वहां से भाग लिये। महिला के घरवालों को जब ये समाचार मिला तो वे बुलडोजर लेकर वहां पहुंच गये और उसकी सम्पत्ति को तहस नहस कर डाला। खिसियानी बिल्ली और कर भी क्या सकती है।

इन कहानियों को पढ़ने के बाद पता चला कि अपने ‘मन की बात’ मानने के लिए हमेशा इतनी जद्दोजहद करने की जरूरत नहीं होती बस सही मौके का इंतजार करना होता है।

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना लागू की है जिसमें शादी करने वाली ‘गरीब’ लड़कियों को सरकार 51,000 रुपये देती है जिसमें 35,000 उसके बैंक में जाते हैं,10,000 के उपहार दिए जाते हैं और 6,000 विवाह की रस्म पर खर्च होते हैं।

प्रदेश के कई इलाकों जैसे महाराजगंज, बलिया और झांसी से समाचार आये कि कुछ लड़कियां योजना की पहली किश्त बैंक में आते ही अपने प्रेमी के साथ फरार हो गयीं।

कुछ जगह तो योजना के पैसे लेने के लिए भाई बहन ने ही एक दूसरे को हार पहना दिया और सप्तपदी तक की रस्म हो गई थी पर ऐन मौके पर किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। झांसी में जब वर समय पर नहीं पहुंच पाया तो कन्या ने अपने बहनोई के साथ ही सात फेरे ले लिये।

इन घटनाओं के बारे में जब कुछ सामाजिक चिंतकों से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने बात करने से इंकार कर दिया लेकिन उनकी ‘आफ द रिकार्ड’ चिंता साफ नज़र आई कि उनके सिलेबस में ये विषय तो पढ़ाया ही गया।उनको अभी तक समझ नहीं आ रहा है कि उन्हें महिलाओं की स्वतंत्रता की रक्षा करनी है या पीछे छूट गये पुरुषों से सहानुभूति रखनी है।

Amitabh Srivastava us a senior journalist. The views in this story are his personal.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button