धान की पेमेंट ना मिलने पर काश्तकार परेशान – मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर जिलाधिकारी से फरियाद लगाने के बावजूद नहीं हुआ धान का पेमेंट

16 फरवरी 2026
विभागीय अधिकारी -कर्मचारियों की गलती के कारण रामनगर तहसील अंतर्गत लोकमानपुर चोपड़ा गांव निवासी काश्तकार सुरेश नैनवाल धान की पेमेंट न मिलने पर दर -दर भटकने को मजबूर हैं। संबंधित अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल , जिलाधिकारी नैनीताल तक अपनी फरियाद लगाने के बावजूद भी आज तक उन्हें उनके 80 क्विंटल धान का पेमेंट का भुगतान नहीं हुआ जिसके कारण उन्हें आर्थिक एवं मानसिक तनाव से गुजरना पड़ रहा है।
रामनगर तहसील अंतर्गत लोकमानपुर चोपड़ा गांव निवासी काश्तकार सुरेश चंद्र नैनवाल पुत्र स्वर्गीय श्री हरिदत्त नैनवाल की लोकमानपुर चोपड़ा गांव में 20 एकड़ कृषि भूमि है जिसमें 15 एकड़ कृषि भूमि पर काश्तकार द्वारा धान की खेती की गई।
काश्तकार सुरेश नैनवाल बताते हैं कि उन्होंने 18 , 20, 22 सितंबर 2025 को 80 क्विंटल, 47 •20 कुंतल , 42•40 कून्तल तथा 2 दिसंबर 2026 को 50 कुंतल तथा 8.12.2025 को 23 •20 क्विंटल धान कृषि उत्पादन मंडी समिति रामनगर में दर्ज कराई जिसकी रसीद उनको दी गई।
काश्तकार सुरेश नैनवाल बताते हैं कि 18 नवंबर 2025 को छोड़कर बाकी सभी तारीखों की 6R उनको दे दी गई जिसका भुगतान भी हो चुका है लेकिन विभागीय कर्मचारियों अधिकारियों की लापरवाही के कारण 18 नवंबर 2025 की धान की तौल कंप्यूटर में दर्ज नहीं की गई जिसके कारण उन्हें 6R नहीं दी गईजिसके कारण उन्हें 80 कुंतल धान का भुगतान नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में जब उन्होंने पीरुमदारा सहकारी समिति के संचालक पन्नालाल से कई बार व्यक्तिगत रूप से, मोबाइल ,व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि सरकारी कंप्यूटर जिसमें काश्तकार की 6Rदर्ज होती है बंद हो गयी है, उन्होंने उन्हें सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने को कहा। काश्तकार सुरेश नैनवाल ने सीएम पोर्टल पर अपनी फरियाद लिखी तथा 80 कुंटल धान की पेमेंट करने का निवेदन किया। इसके बाद एआरवो सहकारी समिति के यहां से फोन आया तथा उन्हें बताया गया कि जिलाधिकारी नैनीताल को इस संबंध में पत्र लिखें काश्तकार सुरेश नवल द्वारा 30 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी महोदय को रजिस्टर्ड डाक द्वारा पत्र भेजा लेकिन आज तक उसका कोई जवाब नहीं आया , ना ही उनके धान की पेमेंट हो पाई है। सुरेश नैनवाल बताते हैं कि उनकी उम्र 70 साल के लगभग है सीनियर सिटीजन है तथा हृदय घात की गंभीर बीमारी से ग्रसित है तथा उनकी आंख का विजनभी 6/70 है तथा स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण दुर्गापुरी रामनगर में अपनी पत्नी के साथ निवास करते हैं। काश्तकार सुरेश नैनवाल ने पत्रकार/मीडिया कर्मियों के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री , आयुक्त कुमाऊं मंडल नैनीताल,जिलाधिकारी से निवेदन किया है कि उनके धान का भुगतान करने की कृपा करें जिससे उन्हें कृषि कार्य में आ रही आर्थिक परेशानी से निजात मिल सके।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रधान महासचिव राज्य आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी ने धामी सरकार पर आरोप लगाया है कि उनके शासनकाल में काश्तकार परेशान है।जिसके कारण किसानों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी ने सरकार एवं विभागीय अधिकारी कर्मचारियों की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि काश्तकार सुरेश नैनवाल सरकार को विक्रय की गई फसल के भुगतान के लिए दर-दर भटक रहा है लेकिन विभागीय कर्मचारी -अधिकारी उसका संज्ञान नहीं ले रहे हैं। प्रभात ध्यानी ने उन विभागीय कर्मचारियों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जिनके कारण उनके द्वारा विक्रय की गई धान को कंप्यूटर में दर्ज नहीं किया गया तथा उन्हें 6 आर की रसीद नहीं की दी गई। उन्होंने शासन प्रशासन से मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए तत्काल काश्तकार सुरेश नैनवाल को उनके धान का भुगतान करने की मांग की है।




